कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस को लेकर कोण्डागांव में तैयारियां जोरों पर हैं।
6 अप्रैल से शुरू होने वाले इस आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए 3 अप्रैल को भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जहां स्थापना दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा की गई और जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में कार्यक्रम संभाग प्रभारी दीपेश अरोरा, जिला प्रभारी निरंजन सिंहा, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पंचायत फरसगांव अध्यक्ष प्रशांत पात्र, जिला महामंत्री तरुण साना, महामंत्री आकाश मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कटारिया और प्रदेश कार्यसमिति किसान मोर्चा के सदस्य चंदन साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में तय किया गया कि 6 और 7 अप्रैल को बूथ कार्यालयों और प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा। 8 और 9 अप्रैल को मंडल स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें पार्टी की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। 10 और 11 अप्रैल को ग्राम, बस्ती और बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता लोगों से सीधे संवाद करेंगे। 13 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं परिसर में स्वच्छता अभियान किया जाएगा, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके। 14 अप्रैल को संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ इस सप्ताह भर चलने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम का समापन होगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ और मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा स्थापना दिवस के इस महत्त्वपूर्ण आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।


