कोण्डागांव

आश्रम-छात्रावासों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
02-Apr-2025 10:20 PM
आश्रम-छात्रावासों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

 आयुक्त ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 02 अप्रैल। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विभाग के आयुक्त पीएस एल्मा ने रविवार को जिले में संचालित आश्रम-छात्रावासों, संस्थाओं और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक आयुक्त निकिता मरकाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में आयुक्त एल्मा ने एकलव्य विद्यालयों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। विशेष रूप से वैकल्पिक भवनों में संचालित विद्यालयों के शौचालयों की स्थिति पर चर्चा की गई, जिसमें प्राचार्यों ने संतोषजनक जानकारी दी। एकलव्य विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने आवश्यक सुधार कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, आश्रम-छात्रावासों के भवनविहीन स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों में बरसात से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयुक्त एल्मा ने आश्रम-छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र का हेल्थ कार्ड संधारित किया जाए।

 और उसमें स्वास्थ्य परीक्षण का रिकॉर्ड रखा जाए। बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयुक्त ने कन्या छात्रावासों में महिला होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पुरुष कर्मचारियों की नियुक्ति पर रोक लगाने और जहां महिला नगर सैनिक उपलब्ध नहीं हैं, वहां रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए महिला चौकीदार की व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिसमें विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, पुस्तकालय और खेलकूद की सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की समस्या को जल्द से जल्द दूर करें, ताकि विद्यार्थियों का अध्ययन सुचारू रूप से जारी रह सके।


अन्य पोस्ट