कोण्डागांव

लो वोल्टेज की समस्या हल, लेकिन अघोषित बिजली कटौती से किसान बेहाल
01-Apr-2025 9:11 PM
लो वोल्टेज की समस्या हल, लेकिन अघोषित बिजली कटौती से किसान बेहाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 01 अप्रैल। जिले में रवि फसल की खेती कर रहे किसानों की समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले लो वोल्टेज और बिजली कटौती की परेशानी से जूझ रहे किसानों ने ग्राम पंचायत पल्ली, भोगाड़ी, सितली, इंदागांव और चिलपुटी के ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्टर से गुहार लगाई थी। प्रशासन की ओर से लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कर दिया गया, लेकिन अब अघोषित बिजली कटौती ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 

1 अप्रैल को कोण्डागांव मुख्यालय पहुंचे जिला पंचायत सदस्य नंद कुमार राठौर, पल्ली सरपंच भारत कुमार मरकाम और अन्य किसानों ने इस समस्या को उठाया। उनका कहना है कि अब लो वोल्टेज की समस्या तो हल हो गई है, लेकिन अघोषित बिजली कटौती के कारण खेती प्रभावित हो रही है। बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली गुल हो जाती है, जिससे हजारों एकड़ में लगी रवि फसल सूखने के कगार पर है। 

किसानों का कहना है कि यदि बिजली कटौती की पूर्व जानकारी या एक निश्चित समय तय कर दिया जाए, तो उन्हें अपनी सिंचाई योजना बनाने में आसानी होगी। अप्रैल और मई के महीने रवि फसल की सिंचाई के लिए सबसे अहम होते हैं, लेकिन इस दौरान बिजली कटौती ने उनकी चिंताएं बढ़ा दी हैं। किसानों ने इस समस्या को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की, जहां उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का हल कितनी जल्दी निकालता है या फिर किसान इसी तरह बिजली संकट से जूझते रहेंगे।


अन्य पोस्ट