कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 01 अप्रैल। जिले के पशुधन विकास विभाग के चिकित्सकों ने हर्नियोप्लास्टी विधि से एक गाय के पेट की हर्निया की सफल सर्जरी कर पशु चिकित्सा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड फरसगांव के ग्राम बोरगांव निवासी पशु मालिक राखल राव की गाय पिछले एक माह से पेट में सूजन की समस्या से जूझ रही थी। इस कारण उसे भोजन करने में कठिनाई हो रही थी और उसकी सेहत लगातार बिगड़ रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सकों की टीम ने जांच की, जिसमें पाया गया कि पेट की मांसपेशियां फटने से हर्निया बन गया है। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, कोण्डागांव के निर्देशानुसार गाय के जीवन को बचाने और पशु मालिक की सहमति से चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सर्जरी का नेतृत्व पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. ढालेश्वरी ने किया, जिसमें डॉ. कृष्ण कोर्राम (वीएएस, मर्दापाल) एवं डॉ. अनिल (एमयूवी, फरसगांव) का विशेष सहयोग रहा। सफल ऑपरेशन के बाद अब गाय स्वस्थ हो रही है।
बीते दो वर्षों में जिले में पशु चिकित्सकों द्वारा कई जटिल सर्जरी की गई हैं, जिससे कोण्डागांव पशु चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। यहां न केवल स्थानीय बल्कि अन्य जिलों से भी पशुओं का इलाज और ऑपरेशन के लिए लोग पहुंचते हैं।
क्या होता है वेंट्रल हर्निया?
डॉ. ढालेश्वरी ने बताया कि वेंट्रल हर्निया तब होता है जब पेट की दीवार कमजोर या फट जाती है, जिससे आंतरिक अंग बाहर की ओर उभर आते हैं। यह अक्सर पेट के निचले हिस्से में दिखाई देता है। इसके प्रमुख कारणों में चोट लगना, गिरना, झटके से खड़ा होना, बार-बार गर्भधारण करना या कठिन प्रसव शामिल हैं। इसके लक्षण और बचाव के उपाय में पेट के निचले हिस्से में सूजन, चलने-फिरने में कठिनाई, भूख कम लगना, कमजोरी शामिल हैं, तो के उपाय में बचाव गर्भवती गायों को पोषणयुक्त आहार देना, प्रसव के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना और किसी भी चोट लगने पर तुरंत उपचार कराना शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, हर्निया के बड़े मामलों में हर्नियोप्लास्टी तकनीक का उपयोग कर मांसपेशियों की कमजोरी को ठीक किया जाता है, जिससे भविष्य में इस समस्या की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।