कोण्डागांव
कोण्डागांव, 28 मार्च। जिले के खंडाम गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका रिंकी उर्फ रेणुका सोड़ी 10वीं कक्षा की छात्रा थी। यह घटना 28 मार्च की सुबह सामने आई, जब परिजनों ने उसे अपने ही घर में फंदे से लटका पाया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, मृतका 27 मार्च की रात रोज की तरह खाना खाकर सोई थी। सुबह जब परिवार के लोग जागे और दरवाजा खोला तो रिंकी फंदे से झूल रही थी। इस घटना की जानकारी गांव सरपंच जगबाई सोड़ी, धनपत राम सोड़ी और विजय कुमार सोड़ी ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान लिए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है।