कोण्डागांव

विश्व जल दिवस पर जागरूकता रैली
24-Mar-2025 2:40 PM
विश्व जल दिवस पर जागरूकता रैली

कोण्डागांव, 24 मार्च। 1 सीजी गल्र्स बटालियन एनसीसी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामपुर के संयुक्त तत्वावधान में विश्व जल दिवस पर जनजागरूकता रैली और विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्राचार्य अनूप कुमार विश्वास ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स ने चौक-चौराहों पर जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई, इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। 

मुख्य अतिथि अनूप कुमार विश्वास ने जल संकट के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया और बताया कि विश्व जल दिवस 1993 से मनाया जा रहा है। उप-प्राचार्य श्यामलाल नेताम ने जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण को जरूरी बताया। कार्यक्रम अधिकारी सहदेव सिदार ने जल की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए सभी को इसे बचाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि रश्मि चंद्रवंशी और गीता ठाकुर ने जलवायु परिवर्तन और बढ़ते शहरीकरण को जल संकट का मुख्य कारण बताया। 

 

एनसीसी केयरटेकर मुस्कान गुप्ता ने बताया कि जल संरक्षण में एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। कार्यक्रम का संचालन भारत राम मंडावी ने किया और अंत में सभी अतिथियों व विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का भी विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट