कोण्डागांव

पीले चावल देकर राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान के लिए दिया न्योता
22-Mar-2025 11:01 PM
पीले चावल देकर राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान के लिए दिया न्योता

कोण्डागांव, 22 मार्च। कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान आंकलन परीक्षा 23 मार्च को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले की टीम ने शिक्षार्थियों को आकर्षक पाउच में पीले चावल, शिक्षार्थी पर्ची और पंपलेट देकर अधिक से अधिक लोगों को महापरीक्षा अभियान में शामिल होने का न्योता दिया। 

जिले में इस राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा के सफल आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा में उन असाक्षरों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने 200 घंटे का अध्ययन पूरा कर लिया है और सात अध्यायों का पाठन किया है। जिले में कुल 362 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 मार्च रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी केंद्रों पर ही किया जाएगा। 

इस अभियान के तहत लोगों को उनके कार्यस्थल पर जाकर परीक्षा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया, जिससे उनमें खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में विकासखंड परियोजना अधिकारी दवल सिंह पोटाई, श्रीनिवास नायडू, वर्षा तिर्की, पुरुषोत्तम दीक्षित उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट