कोण्डागांव
विश्व जल दिवस पर पीएचई विभाग का जागरूकता अभियान
कोण्डागांव, 22 मार्च। विश्व जल दिवस के अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के महत्व और उसकी अनिवार्यता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जल है तो कल है के संदेश को आत्मसात करते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया और समाज में जागरूकता फैलाने का प्रण किया। छात्रों ने जल संरक्षण पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें अपनी रचनात्मकता के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया।
वहीं, शिक्षिका स्मृति बक्शी और मंजुला बोस ने विद्यार्थियों से जल संरक्षण पर कविताएं सुनीं, जिससे जल की महत्ता को लेकर उनकी समझ और अधिक गहरी हुई।
अभियान के अंतर्गत छात्रों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें नल का पानी व्यर्थ न बहाने, वर्षा जल संचयन करने, पानी के पुन: उपयोग को बढ़ावा देने और जल अपव्यय रोकने के उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे अपने परिवार और समाज में जल बचाने का संदेश फैलाएंगे।