कोण्डागांव

188 बटालियन सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम
21-Mar-2025 10:19 PM
188 बटालियन सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 मार्च। शुक्रवार को 188 बटालियन सीआरपीएफ केशकाल द्वारा जामगांव में सुदूरवर्ती नक्सल ग्रस्त क्षेत्र के ग्रामीणों हेतु सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन राकेश अग्रवाल, महानिरीक्षक सीआरपीएफ छग सेक्टर के निर्देशन एवं हरजिंदर सिंह, उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ रेंज जगदलपुर के मार्गदर्शन तथा भवेश चौधरी कमाण्डेंट-188 बटालियन सीआरपीएफ के नेतृत्व में नितीन्द्र नाथ द्वितीय कमान अधिकारी, निरी./जीडी नरेन्द्र कुमार समवाय अधिकारी, ए/188 समवाय के अधीनस्थ अधिकारी, जवानों एवं सरपंच मयाराम मंडावी, उप सरपंच धर्मेन्द्र गोरै, सचिव श्रीमती कुमारी बाई व ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।

सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, लेखन सामग्री, ग्रामीणो को विभिन्न वस्तुएं जैसे- साड़ी, चप्पल, कम्बल, लूंगी, तावेल, बर्तन, खेती उपयोगी सामग्री जैसे-गैती, फावड़ा एवं स्कुल के छात्रावास को सोलर लालटेन एवं पानी की टंकी, आदि तथा युवाओं को खेल-कूद सामग्री ( क्रिकेट किट, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट तथा फुटबॉल) एवं ग्राम पंचायत भवन जामगांव में ग्रामीणों के लिए एल.ई.डी. टी0वी0-32 इंच इत्यादि सामानों का वितरण किया गया इसमें आस पास के जामगांव, आमापारा, टीकरापारा, तुमसखोण्डी, खासपारा एवं खालेपारा के लगभग 360 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए।

इस अवसर पर भवेश चौधरी कमाण्डेंट-188 बटालियन सीआरपीएफ ने छात्र-छात्राओं, महिलाओ, युवाओं एवं ग्रामवासियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याण की योजनाओं से अवगत कराया गया साथ ही यह संदेश दिया कि सीआरपीएफ के जवान आप सभी की सुरक्षा के लिए है तथा आपकी मदद के लिए हमेशा तत्पर है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय लोगों के जीवन को बेहतर बनाना, ग्रामीणों और जवानों के बीच परस्पर विश्वास एवं बन्धुत्व की भावना को आगे बढ़ाना है। जो उम्मीद के मुताबिक पूरा हो रहा है तथा क्षेत्र के लोगों में सीआरपीएफ के प्रति विश्वास और मित्रता की भावना जागृत हो रही है।

सभी ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं गांव को स्वच्छ रखने की सलाह दी गई। साथ ही साथ गांव के युवाओं को बल में भर्ती होने हेतु भर्ती प्रक्रिया के सम्बन्ध में प्रेरित किया और राष्ट्र निर्माण में अध्ययन की उपयोगिता पर जोर दिया ।

इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के उपरान्त उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था की गई थी। उक्त कार्यक्रम के लिए प्राथमिक शाला जामगांव, प्री-मेट्रिक बालिका छात्रावास केशकाल, जामगांव सरपंच एवं समस्त वरिष्ठ ग्रामवासियों ने सीआरपीएफ के सादर धन्यवाद एवं आभार प्रकट किये।


अन्य पोस्ट