कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 फरवरी। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। पहले चरण के तहत 17 फरवरी को जनपद पंचायत कोण्डागांव, दूसरे चरण में 20 फरवरी को जनपद पंचायत फरसगांव और माकड़ी, तथा तीसरे चरण में 23 फरवरी को केशकाल और बड़ेराजपुर में मतदान होगा। सभी चरणों के मतदान के बाद उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चर्ली ठाकुर ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में 17 फरवरी को जनपद पंचायत कोण्डागांव के लिए मतदान और गणना होगी, जिसके लिए 275 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। द्वितीय चरण के तहत 20 फरवरी को जनपद पंचायत माकड़ी और फरसगांव के लिए, जबकि तृतीय चरण में 23 फरवरी को केशकाल और बड़ेराजपुर के लिए मतदान व गणना की जाएगी।
कोण्डागांव जिले में कुल 4770 पंच पदों में से 2577 निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जबकि 2188 पदों के लिए चुनाव होंगे। इसी प्रकार, 379 सरपंच पदों में से 18 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, और 361 पदों पर मतदान होगा। जनपद पंचायत सदस्य के 97 पदों में से 1 पद निर्विरोध हो चुका है, जबकि 96 पदों पर चुनाव होंगे। वहीं, जिला पंचायत के 12 में से सभी 12 पदों पर चुनाव कराए जाएंगे।
पूरे जिले में मतदान के लिए कुल 861 केंद्र स्थापित किए गए हैं। पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।


