कोण्डागांव

मुख्यमंत्री स्वागत फ्लैक्स लगाने के दौरान करंट से मजदूर की मौत, दूसरा जख्मी
14-Jan-2025 11:39 PM
मुख्यमंत्री स्वागत फ्लैक्स लगाने के दौरान करंट से मजदूर की मौत, दूसरा जख्मी

परिजनों और राजनीतिक दलों के बीच गरमाई सियासत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 जनवरी। कोण्डागांव में 13 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वागत के लिए फ्लैक्स लगाने के दौरान हाई टेंशन करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

 यह हादसा नगर के गीतांजलि स्टेशनरी के पास, पोस्ट ऑफिस के सामने हुआ, जहां फ्लैक्स लगाया जा रहा था। मृतक की पहचान दिकलेश्वर सोढ़ी (36) पिता साधुराम सोढ़ी के रूप में हुई है, जबकि घायल विजय यादव (40) पिता स्व. मंगल राम यादव का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। 

 

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा जगह-जगह फ्लेक्स लगाए जा रहे थे। इसी क्रम में गीतांजलि स्टेशनरी के मालिक शार्दुल ब्रदर्स ने अपनी दुकान के सामने फ्लेक्स लगाने के लिए देव प्रिंटर्स को ठेका दिया था। फ्लेक्स लगाते समय मजदूरों का फ्लेक्स का फ्रेम हाई टेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे करंट लगने की घटना हुई। हादसे में दिकलेश्वर सोढ़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजय यादव बुरी तरह झुलस गए। 

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि हादसे के बावजूद कई घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष झुमका लाल दीवान और पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। 

पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा, इस हादसे की जिम्मेदारी उन लोगों पर है, जिन्होंने फ्लेक्स लगाने का आदेश दिया। हम शासन-प्रशासन से मांग करते हैं कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए और घायल मजदूर का बेहतर इलाज कराया जाए।

इस मामले पर कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी के भाई व नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने कांग्रेस पर सियासत करने का आरोप लगाया। जसकेतु उसेंडी ने कहा, यह दुखद घटना है, लेकिन कांग्रेस इसे राजनीतिक रंग देकर अपनी रोटी सेंकने का प्रयास कर रही है। हमें संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, न कि राजनीति करनी चाहिए।

कोण्डागांव सिटी कोतवाली के निरीक्षक सौरभ उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट