कोण्डागांव

निष्कासित पार्षद की कांग्रेस में वापसी की अटकलें तेज
06-Jan-2025 10:18 PM
निष्कासित पार्षद की कांग्रेस में वापसी की अटकलें तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 जनवरी। कोण्डागांव नगर पालिका परिषद के पार्षद मनीष श्रीवास्तव, जिन्हें कांग्रेस से बागी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किया गया था, 5 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ नजर आए। इस मुलाकात के बाद उनकी कांग्रेस में वापसी की अटकलें जोर पकडऩे लगी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री के कोण्डागांव आगमन पर मनीष श्रीवास्तव ने फूलों से उनका स्वागत किया। जब कांग्रेस में उनकी वापसी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, मैं खुद को आज भी कांग्रेसी मानता हूं। अगर अलग मानता, तो भाजपा में शामिल हो गया होता। वहीं, भूपेश बघेल ने इस सवाल पर हंसते हुए टिप्पणी करने से बचा लिया।  ज्ञात हो कि  मनीष श्रीवास्तव को विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। उनके साथ उनके भाई शिशिर श्रीवास्तव और सुरेश पाटले को भी कांग्रेस से बाहर किया गया था। मनीष को कांग्रेस का एक मजबूत और प्रभावशाली नेता माना जाता है। नगर पालिका चुनावों से पहले भूपेश बघेल के साथ उनका यह सार्वजनिक जुड़ाव पार्टी में उनकी वापसी की संभावनाओं को और प्रबल कर रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें फिर से पार्टी में शामिल कर सकती है, हालांकि इस पर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट