कोण्डागांव

धान कटाई के साथ मक्का तोड़ाई करने में जुटे किसान
23-Oct-2024 10:09 PM
धान कटाई के साथ मक्का तोड़ाई करने में जुटे किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 23 अक्टूबर। कोंडागांव जिले के विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत गांवों में धान कटाई के साथ-साथ मक्का तोड़ाई लगातार जारी है। इसी तरह अंचल में जल्दी पकने वाले धान की कटाई दीपावली से पहले ही शुरू हो गई है।

 जानकारी के मुताबिक बड़े राजपुर और धामनपुरी कोपरा अंचल में हाइब्रिड अर्ली वैरायटी के 1008 महामया सिल्क 1010 ओम थीर्र को 40 फीसदी एरिया में बोया गया है इसकी कटाई तेज गति से चल रही है। दीपावली से पहले से तक 70 फीसदी फसल कटाई पूरी की जाएगी।

 हरूना धान दशहरा की पहले ही पककर तैयार हो गई थी। खेतों की जमीन इस वर्ष गीली होने के कारण हार्वेस्टर मशीन धान की कटाई करने खेतों के अंदर नहीं जा पा रही है, इसी वजह से किसान मजदूर के भरोसे निर्भर है, जिसके कारण मजदूरों की मांग बढ़ गई है।

महिला मजदूरों की मजदूरी दर पिछले वर्ष जहां 150 थी, इस वर्ष बढक़र 200 से 250 तक चला गया है, वहीं पुरुष मजदूर का रेट 300 से 350 तक लिया जा रहा है। धान की बीड़ी बनाई का मजदूरी दर 350 लिया जा रहा है।

किसानों का कहना है कि, हार्वेस्टर मशीन से धान कटाई के लिए गत वर्ष 1500 से 2000 था, इस वर्ष 1800 से 2500 रूपये तक हो गया है। थ्रेशर मशीन से मिंजाई कराने प्रति घंटा 1400 से 1500 रुपए लिए जा रहे हैं।

इसी तरह ग्राम हरवेल, बालेंगा, धामनपुरी पिढापाल, तितरवंड गम्हरी पिटीसपाल लिहागांव पारोंड, तराईबेड़ा डिहीपारा, पातरीपारा में भी धान कटाई मक्का तोड़ाई में किसान व्यस्त हो चुके हैं।


अन्य पोस्ट