कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 सितंबर। कोंडागांव जिले में लगभग 20 हज़ार भाजपा के सदस्य बनाये जा चुके हैं। एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य है। आगामी 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती में भाजपा के सभी कार्यकर्ता जिले के प्रत्येक बूथ में 100 सदस्य बनाने जाएंगे। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जिले के 587 बूथों में सदस्य बनाने जाएंगे। सभी मंडलो में अभियान के तहत बैठकें भी हुई हैं। मोर बूथ मोर अभियान में 100 सदस्य बनाने का नारा दिया गया है। जिसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी से लेकर बूथ के कार्यकर्ता, सांसद, विधायक, मंत्री,पार्षद एवं जिला-जनपद के जनप्रतिनिधि से लेकर पंच-सरपंच सभी को बूथ में जाने का लक्ष्य दिया गया है।
इस दौरान बूथों पर 8 से 10 घंटे रहकर वहां के लोगों से मुलाकात करना है, भोजन भी उन्हीं लोगों के साथ करना है और उसके बाद 100 सदस्य बनाना है।
इस अभियान को गति देने के लिए कोंडागांव विधायक लता उसेण्डी कोंडागांव शहर मण्डल के सरगीपाल पारा के बूथ में शामिल होंगी,उसके पश्चात कुम्हार पारा, मसोरा, चिपावंड, काकड़बेडा, मुलमुला बूथ के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगी।
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम केशकाल मंडल के बूथ मुलनार और कुकड़ागार के सदस्यता कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा शामपुर और गागड़ा में सम्मिलित रहेंगे। पूर्व विधायक सेवक राम नेताम पारोण्ड प्रा. शाला बूथ में,मनोज जैन रांधना बूथ में,प्रवीर बदेशा फरसगांव के बाजार पारा बूथ में,तरुण साना फरसगांव मण्डल के हिर्री बूथ में,आकाश मेहता केशकाल मंडल के बोरगांव बूथ में, कोंडागांव नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड के बूथ में उपस्थित रहेंगे।
इस अभियान में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी एक एक बूथ में 100 सदस्य बनाने के लिए शामिल रहेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष सहित नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, प्रदीप नाग, प्रतोष त्रिपाठी, रौनक दीवान, संतोष पात्र, देवेंद्र, अश्विनी पांडे व अन्य मौजूद रहे ।