कोण्डागांव

हर घर तिरंगा यात्रा में विधायक टेकाम सहित सैकड़ों हुए शामिल
14-Aug-2024 11:06 PM
हर घर तिरंगा यात्रा में विधायक टेकाम सहित सैकड़ों हुए शामिल

स्कूली बच्चों में उत्साह, देशभक्ति गीतों पर दी प्रस्तुति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 14 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में केशकाल नगर में भी मंगलवार को जिला प्रशासन के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत विशाल तिरंगा यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने सर्वप्रथम प्रशासन, पुलिस, स्कूली बच्चों के साथ बाइक रैली निकाल कर नगरवासियों को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जागरूक किया, वहीं बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी।

 इस दौरान नगरवासियों को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में केशकाल में भी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर हर्षोल्लास के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी देशभक्ति की भावनाओं को व्यक्त किया। मैं मीडिया के माध्यम से समूचे क्षेत्रवासियों को तिरंगा यात्रा की बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।

 केशकाल एसडीएम अंकित चौहान ने कहा कि राष्ट्रध्वज तिरंगे को सम्मान देने एवं प्रत्येक नगरवासियों के दिल में देशभक्ति की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में केशकाल में विधायक नीलकंठ टेकाम के मुख्य आतिथ्य में तिरंगा यात्रा के तहत रैली, सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया, जो कि 15 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा। मैं जनता से भी आग्रह करता हूं कि इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर तिरंगे का मान बढ़ाएं।


अन्य पोस्ट