कोण्डागांव

लाखों का धान खाक, क्षतिपूर्ति की मांग
17-Dec-2023 10:09 PM
लाखों का धान खाक, क्षतिपूर्ति की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल,17 दिसंबर।
केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिंझे के आश्रित ग्राम चिखलाडीही के किसान को बड़ा नुकसान हुआ है। बीती रात किसान हीरू राम के घर के पीछे रखे धान में अचानक आग लगने के कारण उसके 20 एकड़ खेत में लगे 2000 भारा धान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। जिसके कारण किसान हीरू राम के साल भर की मेहनत पूरी तरह चौपट हो गई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार चिखलाडीही पारा निवासी किसान हीरू राम ने अपने घर के खरही में 2000 भारा धान रखा था। 16 दिसंबर की रात अज्ञात कारणों के चलते उसके धान में अचानक आग लग गई, लेकिन घर के लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी।  सुबह 6 बजे जब घर के लोगों ने उठकर देखा तो पूरा धान जलकर राख हो चुका था। कुछ हिस्से को घर के लोगों ने पानी से बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। 

पटवारी ने मौके पर पहुंच कर किया पंचनामा, 3 लाख 10 हजार का हुआ नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही पटवारी ने मौके पर पहुंच कर पंचनामा तैयार किया। पटवारी पंचनामा के अनुसार उक्त किसान के पास कुल 2000 भारा धान रखा हुआ था। प्रत्येक भारा का वजन तकरीबन पांच किलो होता है। ऐसे में 31 रुपए प्रति किलो की दर से 3 लाख दस हजार रुपए का नुकसान उक्त किसान को हुआ है।


अन्य पोस्ट