कोण्डागांव

उपचुनाव : मतदाताओं में उत्साह, 79 फीसदी मतदान
27-Jun-2023 9:24 PM
उपचुनाव :  मतदाताओं में उत्साह, 79 फीसदी मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव,  27 जून।
मंगलवार को नगर पालिका क्षेत्र कोण्डागांव अंतर्गत शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 18 के लिए  उपचुनाव हुआ। शाम 5 बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार यहां लगभग 79 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो कि स्थानीय मतदाताओं की जागरूकता को दर्शाता है। 

नगर पालिका कोण्डागांव के उपचुनाव पार्षद पद उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा ने अपने अपने प्रत्याशी उतारे थे। दोनों ही पार्टी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
 भाजपा से नगर पालिका परिषद कोण्डागांव की अध्यक्ष रहीं हेम कुंवर पटेल का 27 दिसंबर को निधन हो जाने के बाद से शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 18 का पार्षद पद रिक्त हो गया था। जिसके लिए 27 जून को यहां मतदान किया गया।

 शाम 5 बजे तक हुए मतदान के बारे में सहायक निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चार्ली ठाकुर ने बताया कि, मतदान का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। शाम 5 बजे तक लगभग 79 प्रतिशत मतदान हुआ है। शहीद भगत सिंह वार्ड में मतदान के लिए 989 वैध मतदाता शामिल थे, जिसमें से 788 मतदाताओं ने वोट दिए हैं। हालांकि निर्वाचन अधिकारी की ओर से अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।

कांग्रेस और भाजपा रही आमने-सामने
नगर पालिका परिषद कोण्डागांव उपचुनाव 2023 में पार्षद पद पर दावेदारी करते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारा। भाजपा की ही झोली में शामिल शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 18 में वापस जीत दर्ज करने के लिए संगीता देवांगन को पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारा हैं। वहीं नगर पालिका में कब्जा हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे इस वार्ड से कांग्रेस ने मीना साहू को अपने प्रत्याशी घोषित किया।

भाजपा और कांग्रेस दोनों ने किया जीत का दावा
मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य व पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने कहा कि, मतदाताओं को रिझाने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा ने इस वार्ड में जिस तरह से विकास के कार्य किए हैं, उसे ही देखकर मतदाता पार्टी के पक्ष में मतदान करेंगे। 

कांग्रेस की ओर से प्रदेश सचिव मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्ष में जिस तरह से कार्य किया, उसे ही देखकर कांग्रेस मतदाताओं के बीच पहुंचे थे।


अन्य पोस्ट