कोण्डागांव

बारिश के बीच केशकाल घाट में लगा जाम, यात्री हो रहे परेशान
26-Jun-2023 10:02 PM
बारिश के बीच केशकाल घाट में लगा जाम, यात्री हो रहे परेशान

   जाम खुलवाने जुटी पुलिस  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 जून।
आज सुबह करीब 10 बजे जगदलपुर से रायपुर की ओर एक ट्रेलर विशालकाय मशीन लोड कर जा रहा था, तभी घाट के मोड़ क्रमांक 3 पर पलट गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रेलर में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। 

घटना की जानकारी लगते ही तत्काल मौके पर केशकाल पुलिस पहुंच गई। इस बीच जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई, लेकिन देखते ही देखते शाम होते ही जाम हो गया। हल्की बारिश के बीच जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, साथ ही केशकाल पुलिस व हाईवे पेट्रोलिंग को भी जाम खुलवाने काफी मशक्कत करनी पड़ती है। 

केशकाल टीआई विनोद साहू ने बताया कि घाट के तीसरे मोड़ पर ट्रेलर का पीछे हिस्सा पलट गया, जिसे क्रेन के माध्यम से हटाया गया है, लेकिन मशीन का वजन अधिक होने के कारण क्रेन से नहीं हटा पाए हंै। सुबह कांकेर से हैवी क्रेन आने के बाद ही उक्त मशीन को हटाया जाएगा। इस बीच हमारे जवान घाट में यातायात बहाल करने में जुटी हुई है। 

बारिश के बीच रात में लग सकता है लंबा जाम
अक्सर देखा जाता है कि जब भी घाट में कोई गाड़ी पलटती है तो जाम की स्थिति बन जाती है। इसी तरह आज भी देर शाम तक पलटी हुई विशालकाय मशीन को नहीं हटाया गया है, साथ ही बारिश के चलते राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पढ़ रहा है। साथ ही लापरवाह वाहन चालकों के द्वारा ओवरटेक करने के कारण सबसे ज्यादा जाम की स्थिति बनी हुई। 


अन्य पोस्ट