कोण्डागांव

दोषी सरपंच-सचिवों से वसूले 3 लाख से अधिक की राशि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 20 मई। केशकाल एवं बड़ेराजपुर जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरपंच व सचिवों की मिलीभगत से पिछले कार्यकाल में विकासकार्यों के नाम पर लाखों रुपए की अवैध उगाही का मामला प्रकाश में आया है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार सामाजिक अंकेक्षण दल के द्वारा इस पूरे मामले की जांच की गई। जिसमें दोषी पाए जाने वाले सरपंच व सचिवों से एसडीएम केशकाल शंकरलाल सिन्हा द्वारा राशि की वसूली शुरू कर दी गई है। परिणास्वरूप एसडीएम द्वारा अब तक लगभग 3 लाख रुपए से अधिक राशि वसूली जा चुकी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केशकाल एसडीएम शंकरलाल सिन्हा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन पर सामाजिक अंकेक्षण दल के द्वारा अवैध राशि गबन की जांच की गई थी। जिसमें पूर्व सरपंच व सचिवों को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कुछ सरपंच-सचिवों द्वारा अब तक राशि जमा नहीं की गई थी।
एसडीएम ने कहा कि अब तक हमनें केशकाल विकासखंड अंतर्गत 1,93,071 रुपए व बड़ेराजपुर विकासखंड से 93,000 रुपए के साथ लगभग 3 लाख 6 हजार रुपए की बकाया राशि वसूल लिया है।
यह कार्रवाई अभी जारी है बहुत से पंचायतों से राशि वसूल की जानी है। और जो सरपंच-सचिव बकाया राशि जमा नहीं करते हैं उन पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जल्द ही जेल भी भेजा जाएगा।