कोण्डागांव

मजदूर की गिरने से मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल
02-May-2023 8:40 PM
मजदूर की गिरने से मौत,  सुरक्षा पर उठे सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 2 मई।
जिला के कोकोड़ी गांव में जिले का सबसे बड़ा शासकीय प्रोजेक्ट मक्का प्रसंस्करण का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां 30 अप्रैल की देर शाम एक हादसा हो गया। हादसे के तहत निर्माण कार्य के दौरान ऊंचाई से गिरने से मजदूर की मौत हो गई है। मजदूर की मौत के साथ निर्माण कार्य क्षेत्र में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इससे जुड़े अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। मामले पर सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन लेते हुए विवेचना शुरू कर दिया है।

कोण्डागांव जिले के मक्का के फसल से जुड़े किसानों को लाभ दिलाने के लिए 140.67 करोड़ रुपए की लागत से मक्का एथेनायल प्लांट का विकास खंड कोण्डागांव अंतर्गत कोकोड़ी गांव में निर्माण कार्य चल रहा है। यहां इथेनॉल प्रोसेसिंग प्लांट में कार्य के दौरान 33 वर्षीय विनय यादव क्रेन से लटककर नीचे उतर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से वह नीचे गिरा, और उसकी मौत हो गई है। विनय यादव मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसके शव को परीक्षण के लिए जिला अस्पताल स्थित चीरघर में रखा गया है। यहां उसके परिजनों का इंतजार किया जा रहा है।

मजदूर सुरक्षा को लेकर कंपनी कितना गंभीर?
मक्का इथेनॉल प्लांट के निर्माण के लिए मौज इंजीनियरिंग सिस्टम पुणे - एथेनॉल प्लांट और मैसर्स हरी स्टोर धमतरी - बायलर एंड टरबाइन का काम कर रही है। मजदूर विनय यादव का हादसा मौज इंजीनियरिंग सिस्टम पुणे के माध्यम से करवाए जा रहे एथेनायल प्रोसेस प्लांट में हादसा हुआ है। हादसे के दौरान मजदूर को क्रेन से लटक कर ऊंचाई पर चढऩे और उतरना था। जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे का यह कारण अपने आप में कई तरह के सवाल पैदा कर रहा है।


अन्य पोस्ट