कोण्डागांव

भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री का पुतला फूंका
02-Mar-2023 2:55 PM
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री का पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 2 मार्च।
सूरजपुर जिले के भैयाथान में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अमर प्रताप सिंह पर स्थानीय रेत माफियाओं के द्वारा जानलेवा हमला करने व उनके दोनों पैरों को बुरी तरह छतिग्रस्त करने की घटना प्रकाश में आई थी।
इस मामले को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाते हुए केशकाल बस स्टैंड में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष भुपेश सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला फूंका है। साथ ही भाजयुमो ने थाना प्रभारी को 5 बिंदुओं का एक ज्ञापन भी सौंपा है। जिसमें मुख्यत: प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था में सुधार लाते हुए अमर प्रताप सिंह पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की गई है।

जानकारी देते हुए भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष भूपेश सिन्हा ने बताया कि कांग्रेस की सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। बस्तर में बीजेपी के बड़े पदाधिकारियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर हत्या की जा रही है। महिलाओं व युवतियों पर बलात्कार, लूट, अपहरण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बस्तर के वनांचल क्षेत्रों में भोलेभाले आदिवासियों पर फर्जी एफआईआर कर गिरफ्तारी करवाई जा रही है। और ऐसी घटनाओं को सरकार संरक्षण दे रही है। साथ ही भैयाथान में भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले की हम निंदा करते है। यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती तो आगामी दिनों में युवा मोर्चा द्वारा भव्य आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र, न.पं नेता प्रतिपक्ष नवदीप सोनी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र बघेल, मनीष राठी, मनोज गुप्ता, दीपक कुलदीप, संजू पांडे, अविनाश सोनी, विवेक चौबे, मनीष सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट