कोण्डागांव

ओटेंडा में सावित्री बाई फुले जयंती का विशेष आयोजन
05-Jan-2023 9:43 PM
ओटेंडा में सावित्री बाई फुले जयंती का विशेष आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव,  5 जनवरी। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला ओटेन्डा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ग्राम ओटेन्डा विकासखंड माकड़ी, जिला- कोंडागांव में प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले जयंती समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम विद्यालय के सभा कक्ष में भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलन कर दैनिक प्रार्थना ,छत्तीसगढ़ राज्य गीत एवं राष्ट्र गान के पश्चात पीरामल फाउंडेशन की गांधी फेलो धनश्री खड़से जी के सौजन्य से कक्षा 5 वीं  की छात्रा कुसुमलता नेताम को सावित्री बाई फुले की प्रतिमूर्ति स्वरूप तैयार कर सावित्री माई फुलेजी का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत कर नारी शिक्षा में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें स्मरण किया। तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों के द्वारा विशाल रैली का आयोजन किया।

रैली में शिक्षा और साक्षरता संबंधी पोस्टर तथा गगनभेदी नारों के साथ ग्राम ओटेन्डा में शिक्षा का अलख जगाया गया। रैली के पश्चात पुन: सभी विद्यालय के सभा कक्ष में उपस्थित हुए जहाँ सुश्री धनश्री खड़से जी द्वारा सावित्री माई फुले के नारी शिक्षा के संघर्ष पूर्ण योगदान पर सुमधुर गीत की प्रस्तुति दी गई,अंत में धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्र गीत एवं जयकारा के साथ सावित्री बाई फुले जयंती समारोह का समापन किया गया।

कार्यक्रम में धनश्री खड़से एवं विद्यालय के प्रधान अध्यापक जी.आर.रवानी, संकुल समन्वयक नितेश शर्मा, ट्यूटर नेताम सर का विशेष योगदान रहा। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शिक्षक शैलेंद्र ठाकुर ने दी।


अन्य पोस्ट