कोण्डागांव

राज्योत्सव 1 को, सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रदर्शनी का आयोजन
28-Oct-2022 7:25 PM
 राज्योत्सव 1 को, सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रदर्शनी का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 अक्टूबर।
एक नवंबर को राज्य के 22वें स्थापना दिवस पर जिला स्तर पर राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत कोण्डागांव में भी राज्योत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रदर्शनी का आयोजन विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड में किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्योत्सव का शुभारंभ बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और केशकाल विधायक संतराम नेताम द्वारा किया जाएगा। राज्योत्सव में स्वास्थ्य विभाग, नगरीय निकाय, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, क्रेडा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला बाल विकास विभाग, जनसंपर्क विभाग के द्वारा विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की जीवंत प्रदर्शनी लगा कर लोगों को उनके संबंध में जानकारियां दी जाएगी।

कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा सभी विभागों को प्रदर्शनी और स्टाल की तैयारी सहित बैठक, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिम्मेदारियां प्रदान कर दी गई है। सभी अधिकारियों द्वारा अपने विभागीय प्रदर्शनी की तैयारियां की जा रही है। कलेक्टर सोनी ने राज्योत्सव के अवसर पर रात्रि में सभी शासकीय भवनों में रोशनी किये जाने के निर्देश दिए हैं।


अन्य पोस्ट