कोण्डागांव

मणिकंचन केंद्र की महिलाओं ने गोबर से बनाये रंग-बिरंगे दिये
21-Oct-2022 9:55 PM
मणिकंचन केंद्र की महिलाओं ने गोबर से बनाये रंग-बिरंगे दिये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 अक्टूबर।
कोण्डागांव के जामपदर वार्ड स्थित मणिकंचन केन्द्र की स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा दिवाली में लोगों के घरों को रोशन करने हेतु गोबर व मिट्टी के दीयों का निर्माण किया जा रहा है।

इस संबंध में नगरपालिका सीएमओ दिनेश डे ने बताया कि, नगरपालिका द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत संचालित मणिकंचन केंद्र में यहां कार्यरत स्व-सहायता समूह की 56 महिलाओं द्वारा गोठान से एकत्रित गोबर व मिट्टी के दीयों का निर्माण दीवाली पूर्व किया जा रहा है। जिसका विक्रय जिले के विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर किया जा रहा है।

स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक रिया तिवारी ने बताया कि, मणिकंचन केंद्र की महिलाओं द्वारा गोबर से दीये बनाने का कार्य विगत वर्ष भी दीवाली पूर्व किया गया था। जिसमें उन्होंने 17 हजार दीयों के माध्यम से 35 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। इस वर्ष दीयों के डिजाइन परिष्कृत कर उसमें गुणवत्ता वृद्धि द्वारा निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिए महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। इन दोनों के विक्रय हेतु कोण्डागांव बाजार पारा बाजार स्थल, जयस्तंभ चौक, मर्दापाल चौक इत्यादि अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल लगाकर विक्रय किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने वाले गाडिय़ों के साथ जाने वाली महिलाओं द्वारा अपने साथ ले जाकर दीयों का विक्रय किया जा रहा है। इस बार गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस वर्ष 6 हजार से अधिक दीये का निर्माण अब तक किया जा चुका है। जिनकी पैकिंग की जा रही है। इसके माध्यम से महिलाओं को अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।


अन्य पोस्ट