कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 अक्टूबर। कोण्डागांव पुलिस लाईन में पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल को परेड द्वारा सलामी दी गई। तत्पश्चात 1 सितंबर से 31 अक्टूबर तक कर्तव्य वेदी पर शहीद हुए पुलिस के अधिकारी, जवानों की नामावली का वाचन किया गया। उसके पश्चात शहीद स्मारक को सलामी दी गई व परेड कमांडर द्वारा अपनी टीम को शोक शस्त्र की कार्यवाही कराई गई।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल व चंदन कश्यप विधायक नारायणपुर व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर, पुष्प चक्र अर्पित की गई। कार्यक्रम हेतु जिले में निवासरत शहीद जवानों के परिवारों को आमंत्रित किया गया था, उन्हें उपहार श्रीफल और भेंट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों की वीरगाथा को याद कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने शहीद जवानों के परिवार वालों से बात कर उनकी कुशलता जाना।