कोण्डागांव

सौ गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को पुलिस ने सौंपा
21-Oct-2022 9:50 PM
सौ गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को पुलिस ने सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 अक्टूबर।
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समारोह आयोजित कर पीडि़तों को उनके गुम मोबाइल लौटाए गए। मोबाइल मालिकों ने अपना मोबाइल प्राप्त करते हुए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया व कोण्डागांव पुलिस के कार्य की सराहना भी की। पुलिस द्वारा ढूंढे गए 100 मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रूपए है।

ज्ञात हो कि जिले के सभी थानों के गुम मोबाइल के आवेदन को संज्ञान मे लेकर पुलिस अधीक्षक  दिव्यांग पटेल ने तत्काल अभियान चलाकर अधिक से अधिक संख्या में मोबाईल ढूंढ कर पीडि़तों को लौटाने आदेश दिए थे। जिससे एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल के मार्गदर्शन में साईबर सेल कोंडागांव द्वारा 1 माह में आभियान चलाकर 100 मोबाइल ढूंढे गए।

कोण्डागांव, केशकाल जैसे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ जिले के अंदरूनी गांव से भी बड़ी संख्या में मोबाइल गुम की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई थी, जिसे अभियान चलाकर जिले के साथ ही साथ सरहदी जिले जगदलपुर, कांकेर, धमतरी के अलावा रायपुर से भी साईबर सेल द्वारा मोबाइल ढूंढ कर लाया गया। गुम मोबाइल खोजने के अभियान के दौरान पुलिस को महंगी मोबाइलों के साथ ही साथ अन्य सभी कंपनियों के मोबाइल बरामद हुए है, जिनकी कीमत 50 हजार रुपए तक के है।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के आदेश से दीपावली के उपलक्ष में धनतेरस से 1 दिन पूर्व 21 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समारोह आयोजित कर पीडि़तों को उनके गुम मोबाइल लौटाए गए। शहर व आसपास के लोग बड़ी संख्या में अपना मोबाइल प्राप्त करने एसपी कार्यालय उपस्थित हुए।

पुलिस अधीक्षक से पहली बार मुलाकात करने से उनके मन मे प्रसन्नता तो पहले से ही थी। जैसे ही उन्होंने अपना मोबाइल प्राप्त किया उनके चेहरे में खुशी कई गुना बढ़ गई। मोबाइल मालिको ने अपना मोबाइल प्राप्त करते हुए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया व कोण्डागांव पुलिस के कार्य की सराहना भी की। गुम मोबाइल रिकवर करने में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मुकेश शर्मा, सहायक उप निरीक्षक सागरबाती सोरी, प्रधान आरक्षक लूमन भंडारी, दिव्या नवरंगे, आरक्षक चौतराम मरकाम, जितेन्द्र मरकाम, एवं बीजू यादव की सराहनीय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट