कोण्डागांव

ढोन्डरा गांव के गायता परिवार में कुम्हड़ापत्ता से खाते हैं नयाखानी
05-Sep-2022 9:38 PM
ढोन्डरा गांव के गायता परिवार में कुम्हड़ापत्ता से खाते हैं नयाखानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 सितंबर।
बड़ेराजपुर के ग्राम ढोन्डरा कोण्डागांव जिला में पिछले कई सालों से यह गायता परिवार कुछ अलग ही तरीके से नयाखानी पर्व मनाते हैं।

मान्यता है कि क्षेत्र के बाकी सभी लोग किड़ंगी पत्ता से नया बीज खाते हैं, लेकिन गायता परिवार गांव के मुख्य होने के कारण ये परिवार कुम्हड़ा के पत्तों से नया धान बीज खाते हैं। इस दौरान सबसे पहले गायता परिवार के सभी लोग अपने पेन पुरखा स्थल में पहुंच कर अपने बूढ़ाल पेन का सेवा अर्जी कर नया बीज अर्पण कराते हैं, वहीं पेन पुरखा स्थल पर छोटे छोटे बच्चों का खिलौने जैसे बैल, बर्तन अन्य को रख कर सेवा अर्जी किया गया। तत्पश्चात गायता परिवार में प्रत्येक घर मुखीया के नाम से उपस्थित सभी लोगों बीज को वितरण किया जाता हैं। इस पुनांग तिंदाना पंडुम परंपरा में नया बीज घर के सभी सदस्यों को खाना अनिवार्य रहता है।

इस मौके पर गायता प्रमुखों ने बताया कि, हम कई पीढ़ी से यह पुनांग पंडुम मनाते आ रहे हैं, जो अपने रीति रिवाज, परंपरा, गांव के कुशल समृद्धि की कामना के लिए सेवा अर्जी करते हैं।

नया खायी के पश्चात् सभी को जोहार भेंट करना अनिवार्य
पुनांग तिंदाना (नयाखानी) पंडुम के अवसर पर परिवार के सभी सदस्यों को पेन पुरखा स्थल एक दूसरे के साथ जोहार भेंट करना अनिवार्य रहता है, इससे परिवार की एकता, प्रेम, भाईचारा बनी रहती है।


अन्य पोस्ट