कोण्डागांव

कोण्डागांव, 3 सितबंर। जिला कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार प्रत्येक विभिन्न विकास खंडों में अनुविभागीय अधिकारी व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के माध्यम से जिले भर के 383 ग्राम पंचायत स्तर पर गठित, 8 नगर पालिका परिषद कोण्डागांव, दो नगर पंचायत फरसगांव, 2 नगर पंचायत केशकाल के राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इसी कड़ी में जनपद पंचायत कोण्डागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र कुमार जोशी, सहायक मुख्य कार्यपालन अधिकारी चेतन सिंह धु्रव के मार्गदर्शन से दो पाली में विकास खंड और नगर पालिका परिषद में गठित राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव व कोषाध्यक्ष को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिवलाल मंडावी अध्यक्ष जनपद पंचायत, बुधराम नेताम विधायक प्रतिनिधि, रामेश्वर राव सहायक वरिष्ठ अधिकारी, मास्टर ट्रेनर ऋषिदेव सिंह व्यायाम अनुदेशक, चंद्रकांत ठाकुर व्याख्याता, नेत्रेश कुमार व्याख्याता उपस्थित रहकर प्रशिक्षण को गति प्रदान किए।
कोण्डागांव के प्रत्येक ग्राम पंचायत में 1 व नगर पालिका परिषद में 8 राजीव युवा मितान क्लब का गठन किया गया है। इसमें जो सदस्य नियुक्त किए गए हैं, जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक और 40 वर्ष से कम वर्ग के सदस्य है। वे अपने कार्य क्षेत्र में खेल गतिविधियां, सामाजिक गतिविधियां व सांस्कृतिक गतिविधियों का क्रियान्वयन करेंगे। इन गतिविधियों के लिए शासन स्तर पर जिला स्तर पर कलेक्टर के द्वारा अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से प्रत्येक क्लब के लिए 3 माह में खर्च करने के लिए 25 हजार का अनुदान प्रदान किया गया है। तिमाही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के पश्चात पूर्ण राशि का आवंटन किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक क्लब को प्रतिवर्ष 1 लाख का वार्षिक अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस अनुदान राशि का 50 प्रतिशत खेल गतिविधियों अंतर्गत सामान्य खेल व छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों में, 30 प्रतिशत राशि सामाजिक गतिविधियों, 20 प्रतिशत राशि सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। प्रत्येक क्लब को समस्त गतिविधियों के क्रियान्वयन, लेखा जोखा का संधारण, आय व्यय विवरण प्रस्तुत करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रदान करने संबंधित समस्त जानकारी मास्टर ट्रेनर ऋषिदेव सिंह व्यायाम अनुदेशक, चंद्रकांत ठाकुर व्याख्याता, नेत्रेश कुमार व्याख्याता के द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में कोण्डागांव विकासखंड के लगभग 600 पदाधिकारियों ने दो पाली में प्रशिक्षण प्राप्त किया।