कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 अगस्त। विकास नगर स्टेडियम मैदान में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले अनिश्चितकालीन आंदोलन के 9वें दिन भी सभी संगठनों के क्रांतिकारी साथी द्वारा आंदोलन किया जा रहा है।
हड़ताल के दौरान महिलाओं ने घोषणा करते हुए नारा दिया है कि, मायके में ना ससुराल में तीजा मनाएंगे हड़ताल में। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के विकास नगर स्टेडियम मैदान में 30 अगस्त को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी महिला कर्मचारी भगवान शिव और माता पार्वती की रेत से मूर्ति बनाकर विधि विधान से पूजा करते दिखाई दिए। हड़ताली महिला कर्मियों ने बीते दिन धरना स्थल पर कडू भात खाते हुए शुभारंभ किया था। साथ ही हड़ताल समापन के दौरान शाम के समय शिव पार्वती भक्ति में नाचती व झूमती हुई नजर आई।
इस बारे में डॉ. नीता मिश्रा ने बताया, 30 अगस्त को हड़ताली कर्मचारी महिलाओं ने स्थल में व्रत कार्यक्रम रखा, इसके तहत धरना स्थल में तीजा व्रत पूजन का आयोजन किया गया।
उन्होंने सरकार को संदेश दिया है कि, तीजा जैसे व्रत के अवसर पर महिलाओं व कर्मचारियों को सरकार परेशान ना करें। आगे बताया कि, शिव पार्वती की मूर्ति के पास ही डीएएचआर लिखा है, ताकि शिवजी हमारी मनोकामना पूर्ण करें व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सद्बुद्धि दे जिससे वह जल्द हम व्रतधारी महिलाओं की मांग पूरी कर सके।