कोण्डागांव

2 सूत्रीय मांगों को ले अधिकारी-कर्मचारी की 5 दिनी हड़ताल शुरू
26-Jul-2022 3:12 PM
2 सूत्रीय मांगों को ले अधिकारी-कर्मचारी की 5 दिनी हड़ताल शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल,  26 जुलाई।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्नान पर समूचे प्रदेश में 25 से 29 जुलाई तक अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर कलम बंद काम बंद हड़ताल पर बैठ गए हैं। इसी के चलते केशकाल नगर के रावणभाठा मैदान में भी कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के सैकड़ों सदस्य हड़ताल पर बैठे हंै।

ज्ञात हो कि विगत दिनों फेडरेशन के पदाधिकारियों ने सभी विभागों में जाकर समर्थन मांगते हुए समस्त अधिकारी कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने की अपील की थी, जिसके परिणामस्वरूप सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस हड़ताल में शामिल होकर प्रत्यक्ष रूप से समर्थन दिया है।

इस दौरान कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संगठन मंत्री केदार जैन ने बताया कि हमारी मुख्य मांगें 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा भत्ता देना है। कांग्रेस सरकार ने चुनाव के पहले हमें वायदा किया था लेकिन वायदा अब तक पूरा नहीं हुआ है समय समय पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन भी किए थे लेकिन कोई जवाब नही आया था जिसके कारण आज से समूचे प्रदेश में 80 संगठनों के साढ़े चार लाख से अधिक अधिकारी कर्मचारी कलम बंद काम बंद हड़ताल पर बैठे है। इस हड़ताल से प्रभावित होने वाले कार्यों की पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी।  जब तक हम हड़ताल में बैठे है तब तक शासकीय स्कूल समेत कई संस्था ताला बन्द रहेगा।
इस दौरान शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, वन विभाग, पटवारी, राजस्व निरीक्षक, सचिव संघ समेत अन्य समस्त संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट