कोण्डागांव

युवा मोर्चा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाए
26-Jul-2022 3:12 PM
युवा मोर्चा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल,  26 जुलाई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ 24 अगस्त को बेरोजगारी के मुद्दे, बेरोजगारी भत्ता, युवाओ के रोजगार के मांग व सरकार के वादा खिलाफी के विरोध में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने वाली है। इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए पोस्टर वार अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र के मार्गदर्शन में केशकाल  व विश्रामपुरी में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पोस्टर चिपका कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

इस संबंध में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार जगह-जगह बैनर पोस्टर और होर्डिंग के माध्यम से प्रदेश में 5 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात करती है, परंतु उन्होंने विधानसभा में स्वयं स्वीकारा है कि मात्र 20,219 लोगों को ही नौकरी मिली है। ऐसे व्याप्त मुद्दों को लेकर भाजयुमो छत्तीसगढ़ के आव्हान पर 24 अगस्त को प्रदेश भर के भाजयुमो के सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने जा रहे हैं। इसके चलते आज पोस्टर वार अभियान के तहत हमने जगह-जगह इस पोस्टर के माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी दी है।

केशकाल जनपद सदस्य व युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विरेन्द्र महेश बघेल ने बताया कि यह पोस्टर वार अभियान एक ही दिन एक ही समय में पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। आज पूरे प्रदेश में बेरोजगारी बहुत बड़ी समस्या है भूपेश बघेल की सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि बेरोजगारों को हर महीना रोजगार भत्ता दिया जाएगा। परंतु आज 3 साल बीतने के बाद भी किसी युवा को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला है।

इस अभियान में मुख्य रूप से भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय पोया, जिला उपाध्यक्ष विरेन्द्र महेश बघेल, विवेक चौबे, गोपेन्द्र मरकाम, जित्तू साहू , अविनाश सोनी, सोनू कश्यप, वसीम कच्ची, अंगद उपाध्याय, आशु तातेड़ व विश्रामपुरी में रविन्द्र पांडे, गौरव शार्दूल, प्रभु नेताम, गीतेश साहू, संजय सोनी समेत युवा मोर्चा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट