कोण्डागांव

गोठान ने बदली जीवनशैली, अब बाजार जाने के लिए नहीं मांगने पड़ते घरवाले से पैसे
27-May-2022 10:05 PM
गोठान ने बदली जीवनशैली, अब बाजार जाने के लिए नहीं मांगने पड़ते घरवाले से पैसे

सुनीता और धनेश्वरी ने कहा- पहले थे केवल 4, आज स्व-प्रेरणा से 12 समूह कर रही काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 मई।
कोंडागांव विधानसभा में आम जनमानस से भेंट मुलाकात के लिए राजागांव पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजागांव गौठान का अवलोकन किया। इस दौरान स्व सहायता समूह की सुनीता साहू और धनेश्वरी पटेल ने मुख्यमंत्री को 5 एकड़ में फैले अपने गौठान का भ्रमण कराया।

उन्होंने बड़े गर्व से गौठान में संचालित रोजगार मूलक गतिविधियों के बारे में बताया और मुख्यमंत्री को गौठान में उत्पादित सब्जियों से भरी टोकरी भेंट की। सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, डेयरी पालन, मसला प्रसंस्करण, मछली पालन, साबुन निर्माण, सभी प्रकार की गतिविधियां यहां संचालित हो रही है। महिला समूहों ने अब तक 7 लाख की आर्थिक आय गौठान में इन रोजगार मूलक गतिविधियों से हुई है।

   लेमनग्रास प्रसंस्करण से सुगंधित तेल बनाने की  मशीन का सीएम ने किया अवलोकन  

आलम यह है कि अब हमें, मेला मड़ई, दुकानदारी के लिए अपने घरवाले से पैसे नही मांगने पड़ते। आज हम गर्व से स्वयं के खर्च तो उठाती ही है, अपने बच्चों को भी नए कपड़े, खिलौने दिलाती है। यह सब संभव हुआ, आपकी इस योजना से। गौठान बने तो हम महिलाओं को रोजगार मिला,  हम आर्थिक रूप से सशक्त बनी।

पहले हम 4 समूह की महिलाएं इस गौठान में काम करती थी, हमारी सफलता को देख, गांव की और भी महिलाएं प्रेरित हुई और आज इस गौठान में 12 समूह कार्य कर रही हैं। इस सीजन में लगभग 5800 किलो का वर्मीकम्पोस्ट विक्रय किए है, जिससे 2 लाख 27 हजार का लाभांश प्राप्त हुआ है। अब ग्रामीण अंचल की महिलाएं घर की चौखट पार कर सफलता की नई कहानियां गढ़ रही हैं।

छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी- नरवा, गरवा, घुरुआ, बारी- एला बचाना हे संगवारी के ध्येय के उद्देश्य से स्थापित गोठान आज हर दिन नए कीर्तिमान का साक्षी बन रहा है। गोधन के साथ ही इन गौठानों में महिला स्व सहायता समूहों के साथ भी न्याय हो रहा है। शासन की नीति से जहां गोधन को आज देश भर में पहचान मिली है, तो महिलाओं को भी आर्थिक  संबल और संवर्धन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कोंडागांव विधानसभा के राजागांव में की कई घोषणाएं
दहीकोंगा में सहकारी बैंक की शाखा खुलेंगी।  मालाकोट, मुलमुला में सामुदायिक भवन, दहीकोंगा में मिनी स्टेडियम। पल्ली, भीरागांव, करंजी, चिलकुटी  में स्कूल भवन निर्माण की घोषणा । राजागांव में जिम्मेदारीन माता मंदिर देव गुड़ी के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति। राजागांव में शिव मंदिर जाने वाले मार्ग हेतु पुलिया की स्वीकृति।  संबलपुर सडक़ मुख्य मार्ग से विकासखंड शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान संबलपुर तक बनेगी सडक़। पंचायत भवन सिंघनपुर से बेड़ापारा सडक़ निर्माण किया जाएगा।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष की अगुवाई में राजागांव में निकली बाइक रैली
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 27 मई को जनपद पंचायत कोंडागांव के राजागांव पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजागांव पहुंचने से पहले युवा कांग्रेस विधानसभा कोंडागांव के अध्यक्ष नंदू दीवान की अगुवाई में युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के द्वारा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस बाइक रैली में युवा कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजागांव में किसान मंगल राम मंडावी के घर पर मुनगा भाजी, कोयलारी भाजी, उड़द दाल, मडिय़ा पेज (मक्का डला हुआ), गेहूं के आटे से बनी रोटी, सलाद(मूली+ गाजर), आम की पिसी चटनी, टमाटर की चटनी का स्वाद लिया।

  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में बच्चों के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चाइनीज चेकर खेला।  

मुख्यमंत्री के साथ मंगलराम मंडावी एवं उनकी पत्नी सुमित्रा मंडावी ने साथ बैठ भोजन किया। श्री बघेल ने स्वादिष्ट व्यंजन के लिए मंगल राम मंडावी एवं उनके परिजनों को उपहार भेंट कर धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री को मंगल राम मंडावी ने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ीकरण के लिए आवेदन सौंपा।

जनप्रतिनिधियों-अफसरों ने राजागांव में सीएम का किया स्वागत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोंडागांव जनपद के राजागांव का दौरा किया। यहां पर उनके स्वागत के लिए सांसद, विधायक, कलेक्टर एवं एसपी मौजूद रहे। इसके अलावा भारी संख्या में राजागांव के ग्रामीण मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट