कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश सहित 4 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाने जा रही है। जिसको लेकर गुरुवार की शाम केशकाल भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के मुख्यमार्ग में बाइक रैली निकाली गई, तत्पश्चात बस स्टैंड में जमकर आतिशबाजी करते हुए नारेबाजी करते हुए एक दूसरे को बधाई दी गयी।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बाबा के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एक बार फिर सत्ता में काबिज होने वाले हैं। तो वहीं उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी सरकार बनने जा रही है। इस ऐतिहासिक दिन पर बीजेपी की ओर से अलग-अलग राज्यों के जिलों में जश्न मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज हम सभी ने मिल कर जीत का जश्न मनाया है। ये जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सरकार की योजनाओं की जीत है, इसके लिए हम जनता का आभार व्यक्त करते हैं।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष कटारिया, धनराज मालू, नवल मरकाम, भूपेश सिन्हा, विजय पोया, नवदीप सोनी, राजकिशोर राठी, भूपेश चंद्राकर, अजय मिश्रा, नारायण ठाकुर, दुर्गेश जोशी, वीर बघेल, जीतू साहू, विवेक चौबे, विनीत पिल्लई, अविनाश सोनी समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्तागण मौजूद रहे।