कोण्डागांव

समानता और नारी शक्ति पर बल
08-Mar-2022 9:08 PM
समानता और नारी शक्ति पर बल

 

गुंडाधुर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 मार्च।
शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपपुलिस अधीक्षक डॉ. भुनेश्वरी पैकरा व विशिष्ट अतिथि के रूप में ननकी वैष्णव सदस्य, जनभागीदारी समिति और प्रभा कुंभकार, सदस्य महिला उत्पीडऩ आंतरिक रोकथाम समिति उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. किरण नुरूटी, सहायक प्राध्यापक, समाजशास्त्र विभाग ने की।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सरिता तारम, सहायक प्राध्यापक ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. पैकरा के द्वारा महिला सशक्तिकरण, महिला जागरूकता व महिला आत्मनिर्भरता पर विचार व्यक्त किए गए। साथ ही छात्राओं को अपने कैरियर पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।  उन्होंने कहा कि सभ्य समाज की जननी सभ्य महिला ही होती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में ननकी वैष्णव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान में महिलाओं की स्थिति के बारे में बताया गया।

इस कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. किरण नुरूटी ने छात्राओं की आर्थिक, सामाजिक व नैतिक आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समानता और नारी शक्ति पर बल दिया। इस दौरान नाच, गायन और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं द्वारा समाज में व्याप्त कुरीतियों और समस्याओं को नाटक के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करने और प्रतिभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कुर्सी दौड़, राउंड, नंबर गेम भी आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम का संचालन चित्र करण पटेल, सहायक प्राध्यापक, रसायन शास्त्र विभाग, शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुश्री अनिच्छा अंचल, वाणिज्य विभाग, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का समन्वय रूपा सोरी, सहायक प्राध्यापक, अंग्रेजी विभाग के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कुमारी नेहा चतुरगोष्टी, सहायक प्राध्यापक, गृह विज्ञान विभाग, सुश्री निधि जैन, सहायक प्राध्यापक, हिंदी विभाग के द्वारा समस्त आगंतुकों, स्टाफ और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के संचालन में सभी महिला अतिथि प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, के समस्त स्टाफ और छात्र छात्राएं मौजूद थे।


अन्य पोस्ट