कोण्डागांव

केशकाल घाटी के समीप नजर आया हिरणों का झुंड
08-Jan-2022 9:19 PM
केशकाल घाटी के समीप नजर आया हिरणों का झुंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 8 जनवरी।
जैव विविधताओं एवं वन्यजीव सम्पदाओं से भरपूर बस्तर का प्रवेश द्वार कहलाने वाले केशकाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत घाटी के नीचे स्थित बायपास रोड के समीप शुक्रवार की सुबह लगभग 7 बजे दो दर्जन से भी अधिक हिरण देखने को मिले हैं।

सुबह इस रास्ते से कांकेर की कर जा रहे यात्री ने अपने कैमरे में तसवीरें कैद की हैं। इससे पहले लगभग 2-3 बार केशकाल घाट एवं भंगराम माई के मंदिर के समीप तेंदुआ विचरण करता हुए देखा गया था। लेकिन यह पहली बार है एक साथ दर्जनों की संख्या में हिरण नजर आए हैं। हिरणों का यह झुंड घाट के नीचे स्थित बायपास मार्ग की ओर से गुजर रहा था, तभी गढ़सिलिहारा निवासी युवक शिव कुमार शोरी ने इन्हें देख कर अपने मोबाइल के कैमरे से हिरणों की वीडियो बनाई है।

वन्यजीवों के लिए उत्तम आवास है केशकाल के जंगल- एसडीओ
इस मामले में वन विभाग के एसडीओ महेंद्र यदु ने कहा कि मीडिया के साथियों से यह जानकारी मिली कि घाटी के नीचे बड़ी संख्या में हिरण विचरण करते नजर आए हैं। केशकाल वनमण्डल अंतर्गत लगातार दुर्लभ वन्यजीवों का नजर आना काफी खुशी की बात है तथा यह एक आदर्श वन की निशानी भी है। इससे यह साबित होता है कि यह क्षेत्र वन्य सम्पदाओं, वन्यजीवों, एवं वनस्पतियों से भरपूर है, साथ ही वन्यजीवों के लिए उत्तम आवास है। वर्तमान में हमें अधिक से अधिक लोगों को वनों का संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है ताकि वन्यजीवों का संरक्षण व संवर्धन किया जा सके।


अन्य पोस्ट