कोण्डागांव
केशकाल, 30 दिसंबर। केशकाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत सुरडोंगर वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के चलते गुरुवार को नगर के सुरडोंगर प्रियदर्शिनी स्टेडियम में अध्यक्ष पद हेतु चुनाव किया गया।
मतदान प्रक्रिया की पर्यवेक्षक के रूप में केशकाल की डिप्टी रेंजर शालिनी ध्रुव एवं सहायक पर्यवेक्षक के रूप में कोहकमेटा डिप्टी रेंजर तेजराम पुजारी की मौजूदगी में सुरडोंगर वन प्रबंधन समिति से कुल 435 लोगों ने आकर मतदान किया।
इस चुनाव में अध्यक्ष पद हेतु दावेदारी प्रस्तुत करने वाले खिलेश्वर शोरी को 205 मत, प्रेमचंद मरकाम को 212 मत एवं दीपक दुग्गा को 09 मत प्राप्त हुए वहीं 8 मत रिजेक्ट भी किये गए। इस प्रकार से सर्वाधिक 212 मत प्राप्त करने के परिणामस्वरूप प्रेमचंद मरकाम इस चुनाव में विजयी हुए। जिन्हें सभी सदस्यों द्वारा तिलक चन्दन लगाकर शुभकामनाएं दी साथ ही विजय जुलूस भी निकाला गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए केशकाल वन परिक्षेत्र अधिकारी मुनीर खान ने बताया कि जंगलों में होने वाली पेड़ों की अवैध कटाई एवं वन्य सम्पदाओं को क्षति होने से बचाने के लिए वन विभाग द्वारा हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है।
इसके लिए केशकाल वन मण्डल अंतर्गत कुल 205 वन प्रबंधन समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को वनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है, तथा जंगलों में होने वाली पेड़ों की कटाई, वन्य जीवों को नुकसान एवं वन्य सम्पदाओं को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य समस्त प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी समिति के पदाधिकारियों के माध्यम से वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को मिल जाती है जिससे समय रहते उन गतिविधियों पर रोक लगाया जाता है। साथ ही वनों में होने वाले वन राजस्व का 20 प्रतिशत लाभांश सम्बंधित वन प्रबंधन समितियों के खाते में जमा किया जाता है जिसे वह अपने अपने गांव की बुनियादी सुविधाओं को पूरा करते हैं।