कोण्डागांव

केशकाल विधायक को उत्तरप्रदेश विस चुनाव में मिली अहम जिम्मेदारी
25-Dec-2021 8:45 PM
केशकाल विधायक को उत्तरप्रदेश विस चुनाव में मिली अहम जिम्मेदारी

केशकाल, 25 दिसंबर। उत्तरप्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इससे पहले सभी राजनीतिक दलों ने पार्टी का विस्तार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत कांग्रेस में भी नेताओं को तमाम तरह की जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। जिसमें केशकाल विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम को कांग्रेस आलाकमान ने उत्तरप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। विधायक संतराम नेताम उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले के डोमारियागंज विधानसभा के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये गए हैं। जिसको लेकर केशकाल विधानसभा के समस्त कार्यकर्ताओं ने विधायक संतराम नेताम को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएँ दी है।

इस बारे में विधायक संतराम ने कहा कि जिस प्रकार से छत्तीसगढ़ में पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पूरी लगन से कार्य कर के छ.ग से भाजपा का सूपड़ा साफ किया था। ठीक उसी प्रकार से उत्तरप्रदेश में भी हम जन-जन तक कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को पहुंचाते हुए केंद्र में बैठी मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत करवाएंगे।

निश्चित रूप से उत्तरप्रदेश की जनता अपना महत्वपूर्ण मत कांग्रेस के पक्ष में देकर पूरी बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाएगी।


अन्य पोस्ट