कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव 8 नवंबर। प्रांतीय संगठन मंत्री संतोष साहू ने सेवा सहकारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम पर कलेक्टर को पत्र सौंपकर पांच सूत्रीय मागें रखी है। कर्मचारियों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी खाद एवं राशन वितरण, अल्पकालीन ़़ऋण वितरण गोधन न्याय योजना सहित सरकार अन्य योजनाओं का क्रियान्वयन करा रहे हैं। इसके बाद भी कम वेतन पर सेवा दे रहे हैं।
सहकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एंव प्रांतीय संगठन मंत्री संतोष साहू ने बताया कि समय पर धान का परिवहन नहीं होने की वजह से सूखत की समस्या आती है और सूखत की राशि कमीशन से काट देने से भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कई कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन भी नहीं मिल पाया है। इसलिए धान खरीदी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि समितियों को कमीशन की राशि नहीं दी गई है। पूर्व में भी अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी, तब सहकारिता मंत्री सहित अपेक्स बैंक के अध्यक्ष ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। मागें पूरी नहीं हुई। दो माह बीतने के बाद भी कोई लिखित आदेश ही नहीं आया।
इस वजह से अब 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री छ.ग. शासन के नाम से जिला कलेक्टर कोण्डागांव को ज्ञापन दिया गया था। यदि हमारी पांच सूत्रीय मांगे पूरी नहीं होती है तो अनिश्चित कालीन आंदोलन रायपुर में किया जाएगा।


