कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 अक्टूबर। कवर्धा घटना के विरोध में भाजपा जिला पदाधिकारियों ने युवा मोर्चा के साथ 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैण्ड में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व वन मंत्री मो. अकबर का पुतला दहन किया।
भाजपा पदाधिकारियों ने पुतला दहन करते हुए मांग की कि, कार्रवाई में विलंब करने, दोषियों को बचाने व निर्दोष लोगों पर कार्रवाई के विरोध में भाजयुमो मैदानी लड़ाई लडऩे मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में गुरुवार की दोपहर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रशांत पात्र के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बस स्टैंड के समीप प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल और वन मंत्री मोहम्मद अकबर का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में क्या हो रहा है यह सबको पता है, लेकिन छत्तीसगढ़ की स्थिति किसी को नहीं पता। छत्तीसगढ़ के किसानों, सिलगेर के आंदोलनकारियों की पीड़ा हो या कवर्धा का तनावपूर्ण माहौल, प्रदेश के मुखिया छत्तीसगढ़ की स्थिति से आंख मूंदे बैठे है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुवार पटेल, पार्षद लक्ष्मी ध्रुव, सोनमणि पोयाम, प्रदेश कार्य समिति सदस्य जितेंद्र सुराना, मंडल अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे।


