कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 सितंबर। महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में शनिवार को युवा कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केशकाल नाका से बस स्टैंड तक बाइक के ऊपर गैस को रख पैदल यात्रा कर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर नारेबाजी भी की।
पुरंदेश्वरी के बयान को लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव व कोंडागांव जिला प्रभारी सुशील मौर्य ने कहा कि पुरंदेश्वरी पहले कांग्रेस की कार्यकर्ता थीं, प्रलोभन में आकर भाजपा में शामिल हुई है। उनको कोई नहीं जानता और हिंदी ठीक से नहीं आता चर्चित होने के लिए कुछ भी बयानबाजी कर रही हैं।
आगे कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता मजबूत कार्यकर्ता हैं और भाजपा के 10 कार्यकर्ता के बराबर एक कांग्रेस कार्यकर्ता है। इस दौरान युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विशाल शर्मा, प्रदेश सचिव कपिलकान्त नाग, श्रीपाल कटारिया, प्रदेश प्रवक्ता तरुण भौमिक , मनोज तिवारी समेत कई युवा कांग्रेस के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे ।