कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 31 अगस्त। नगर में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरोध में भाजपा शहर मंडल द्वारा 5 दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं कलेक्टरेट घेराव का आह्वान किया गया है। नगर के जयस्तंभ चौक में पांच दिवसीय धरना प्रारंभ किया गया एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ विभिन्न बिंदुओं में हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया।
धरना प्रदर्शन के पहले दिन भाजपा पदाधिकारियों ने मंच से बारी-बारी में कहा कि, प्रदेश सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के हर वर्ग को छला गया है, जिसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा धरना देकर मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आह्वान किया गया। इन मुद्दों में बिजली बिल हाफ सरकार का कथन था पर 8 प्रतिशत बढ़ा कर सरकार जनता को छल रही है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग में भर्ती में स्थानीय विधायक की मिलीभगत से अपने करीबी को नौकरी दिलवा कर स्थानीय बेरोजगार युवक युवतियों को धोखा दे रही है। किसानों को कर्जामाफी का लॉलीपॉप पकड़ा कर विधानसभा चुनाव में वोट लेकर न तो कर्ज माफ किया गया और तो और बीज और खाद की कमी कर उसकी कालाबाजारी करवाकर किसानों को लूटने का काम कर रही कांग्रेस सरकार। चुनाव से पहले स्थानीय विधायक मोहन मरकाम द्वारा की जनता को मुफ्त में नजूल जमीन पट्टा देने का वादा किया गया था। उसको भी अमल में न ले के विधायक जनता को बेवकूफ बना रहे है, बारिश के मौसम में भी गिरदावरी कर किसानों का रकबा कम किया जा रहा है। प्रदेश एवं स्थानीय किसानों से प्रदेश की कांग्रेस सरकार धोखा कर रही है, मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के नाम पर भोले भाले किसानों से पैसे लेकर सिर्फ बाउंड्री वॉल का ही निर्माण किया गया है, नजूल भूमि धारको को पट्टा के नाम पर मनमानी ढंग से पैसे वसूले जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के बेरोजगारों को भी बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छला गया है, इसके साथी आज रैली के माध्यम से जिला के सफाई कर्मचारी संघ द्वारा प्रदेश सरकार की विरोध धरना प्रदर्शन भी किया गया। इस धरना प्रदर्शन का भी समर्थन भारतीय जनता पार्टी द्वारा किया गया।इसके साथ ही विभिन्न मुद्दों पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की इस 5 दिवसीय धरना प्रदर्शन के बावजूद भी अगर सरकार अपनी नींद से नहीं जागती है तो भारतीय जनता पार्टी ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
आज धरना प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेंडी, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी ओपी चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुंवर पटेल, शहर मंडल अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह ठाकुर, जितेंद्र सुराना, छोटू सलाम, विनय राज व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


