कोण्डागांव

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 11 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य व सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिन्हा ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदीप सिन्हा ने पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों की नीतियों से नाराजगी की चलते यह फैसला लिया है।
प्रदीप सिन्हा ने मंगलवार की शाम भाजपा केशकाल मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी को लिखित पत्र देते हुए इस्तीफा देने के संबंध में जानकारी दी है, वहीं भाजपा मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने इस इस्तीफे के संबंध में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों को अवगत करवाने व चर्चा करने के पश्चात ही कोई निर्णय लेने की बात कही है।
ज्ञात हो कि प्रदीप सिन्हा विगत 2013 से भाजपा में सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री के पद से पार्टी की सेवा शुरू की थी। इसके पश्चात वह युवा मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष के पद का दायित्व भी संभाल चुके हंै तथा वर्तमान में वह कांकेर लोकसभा के सांसद मोहन मंडावी के प्रतिनिधि के पद पर हैं।
प्रदीप सिन्हा का कहना है कि भाजपा में शीर्ष पदाधिकारियों के रवैये से नाराजगी के चलते उन्होंने यह फैसला लिया है। बहरहाल भाजपा में इतने वर्षों की सक्रिय राजनीति के पश्चात अचानक इस्तीफा देना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस बारे में भाजपा के मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के प्राथमिक सदस्य व सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिन्हा का इस्तीफा पत्र प्राप्त हुआ है। इस संबंध में हम संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों को अवगत करवाएंगे तथा इस इस्तीफे का मूल कारण जानने के पश्चात ही कोई निर्णय लिया जाएगा।