खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

जिला कोटवार संघ की बैठक में शामिल हुए विक्रांत सिंह
28-May-2026 7:05 PM
जिला कोटवार संघ की बैठक में शामिल हुए विक्रांत सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 28 मई। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में जिला स्तरीय कोटवार संघ की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जिले भर से कोटवार उपस्थित हुए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर संघ के पदाधिकारियों ने फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

बैठक के दौरान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विभिन्न ग्रामों से आए कोटवारों की उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता और भाईचारे को दर्शाया। उन्होंने कहा कि कोटवार ग्रामीण व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो शासन और ग्रामीणों के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कोटवारों की भूमिका और अधिक अहम हो गई है, क्योंकि वे गांवों में प्रशासनिक सूचनाओं के संप्रेषण और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हैं।

कार्यक्रम में संघ के जिला अध्यक्ष बीरेश मेश्राम के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक मांगपत्र भी सौंपा। मांगपत्र में प्रमुख रूप से कोटवारों की नियुक्ति के समय उनके परिवार को प्राथमिकता देने, खैरागढ़ स्थित अस्थायी बैठक भवन में विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रांतीय कोटवार संघ की बैठक खैरागढ़ में आयोजित करने की मांग शामिल रही।

इस दौरान विक्रांत सिंह ने आश्वासन दिया कि कोटवारों की जायज मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संगठन की एकता की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार मिलजुलकर कार्य करने से समस्याओं का समाधान आसान हो जाता है।

बैठक में भैया लाल चंदेल, नारायण उइके, कृष्णा मानिकपुरी, संजय मेश्राम, किसुन रामटेके, जागेशर मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में जिले के कोटवार उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट