खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
कुलपति व राजपरिवार ने शासन के प्रति आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 24 मई। खैरागढ़ स्थित प्रसिद्ध संगीत विश्वविद्यालय का नाम अब ‘राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय’ कर दिया गया है। राज्य शासन द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद नगर और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का वातावरण है। नाम परिवर्तन के निर्णय पर कुलपति व राजपरिवार ने शासन के प्रति आभार जताया।
कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने बताया कि यह निर्णय विश्वविद्यालय की स्थापना करने वाले दानशील राजपरिवार के योगदान और उनकी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है।
आगे बताया कि विश्वविद्यालय के नाम को लेकर पूर्व में कई भ्रांतियां थीं, जिसके कारण लोग इसके वास्तविक संस्थापकों की जानकारी से अनभिज्ञ थे। नाम परिवर्तन से अब इन भ्रांतियों का निवारण होगा और राजपरिवार के शिक्षा व समाजहित में किए गए योगदान को पहचान मिलेगी।
कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने इस सफलता का श्रेय राज्यपाल एवं कुलाधिपति के मार्गदर्शन और राज्य शासन की गंभीरता को दिया है।
इस प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेजों को जुटाने में विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. मंगलानंद झा की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
राजपरिवार ने जताया आभार
नाम परिवर्तन के निर्णय पर राजपरिवार के सदस्यों और राजा आर्यव्रत सिंह ने राज्यपाल रमेन डेका, छत्तीसगढ़ शासन और कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया है। कुलपति ने भी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया है।


