खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
गंडई में जनसमस्या निवारण शिविर, योजनाओं की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 22 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर पंचायत गंडई में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में गंडई मंडल भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का अतिथियों ने अवलोकन किया तथा उपस्थित नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनके निराकरण के लिए मौके पर ही प्रयास किए गए। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि तपती धूप में अधिकारी-कर्मचारी शिविर के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं, जो शासन की जनहितकारी सोच को दर्शाता है। एक ही मंच पर सभी विभागों की उपस्थिति से लोगों को त्वरित समाधान मिलना संभव हो पाता है। विक्रांत सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार राज्य सरकार के सुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे बताया कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों का लाभ दिया गया। साथ ही विवाहित महिलाओं को मोदी की गारंटी के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। किसानों के हित में भी सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिला है।
नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं और उनका समाधान कर रहे हैं। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर राकेश जायसवाल, यतीश कुंजाम, मनीषा कुंजाम, धरमु पटेल, विक्की कुर्रे, वसीम खान, राकेश टंडन, रतन खांडेकर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी चंद्रप्रताप सिंह, प्रणय बघेल, शिव ठाकुर, सीएमओ अविनाश देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


