खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 21 फरवरी। भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा हैदराबाद में आयोजित कुलपतियों की राष्ट्रीय बैठक में इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति प्रो.डॉ लवली शर्मा शामिल हुईं।
बैठक में खैरागढ़ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं शोध संबंधी उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में चल रहे नवाचारों, कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में हो रही प्रगति की जानकारी साझा की। विभिन्न राज्यों से उपस्थित कुलपतियों ने इन पहलों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय के कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
बैठक उपरांत कुलपति प्रो. डॉ.लवली शर्मा ने तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की विशिष्ट प्रकृति, भारतीय शास्त्रीय कला एवं संगीत शिक्षा में इसकी भूमिका तथा सांस्कृतिक संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों से राज्यपाल महोदय को अवगत कराया।
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कुलपति के कार्यों की सराहना की और उनसे संपर्क हेतु दूरभाष नंबर लेकर जल्द ही विश्वविद्यालय आने की इच्छा जाहिर की। इसके लिए राज्यपाल ने कुलपति से अपनी सुविधानुसार समय निर्धारित करने की बात कही। जिस पर कुलपति ने अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही उन्हें विश्वविद्यालय आगमन हेतु निवेदन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने राज्यपाल के आगमन की तैयारी शुरू कर दी है।


