खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 15 फरवरी। शनिवार को कृष्ण कुंज भक्त माता कर्मा धाम अकरजन के पास साहू समाज द्वारा राजिम महोत्सव, भक्त माता कर्मा मंदिर भूमि पूजन एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में कसडोल विधायक संदीप साहू, खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष छत्तीसगढ़ शासन जितेन्द्र साहू, राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा, पूर्व विधायक सियाराम साहू, प्रदेश साहू संघ के उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू एवं साधना साहू, संगठन सचिव सुनील साहू, जिला साहू संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष भागवत साहू, जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी अध्यक्ष कोमल साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी तथा सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा मंदिर निर्माण हेतु चयनित स्थल पर भूमि पूजन से हुई। पूजा में मुख्य यजमान के रूप में डॉ. निरेन्द्र साहू, मिनेश साहू, प्रति राम साहू, चमरू राम साहू, रामबिलास साहू एवं लाल राम साहू शामिल हुए। माता कर्मा की आरती और हवन-पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिससे पूरे परिसर में भक्ति का वातावरण बन गया। भूमि पूजन के पश्चात अध्यक्षता कर रहे डॉ. निरेन्द्र साहू ने जिले के साहू समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, प्रकोष्ठ, परिक्षेत्रीय एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और अमीर-गरीब के भेदभाव से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।
स्वागत भाषण में जिला साहू संघ के अध्यक्ष टिलेश्वर साहू ने कहा कि साहू समाज संगठित और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला समाज है, जो कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढऩे का संकल्प रखता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समाज भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये की मांग रखी, जिस पर मुख्य अतिथि मोतीलाल साहू ने मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ते हुए कहा कि राज्य सरकार साहू समाज के साथ है और समाज की जायज मांगों को पूरा किया जाएगा।
खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा ने साहू समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रतिनिधि विभिन्न राजनीतिक दलों में सक्रिय हैं, जो उसकी मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि समाज के विकास के लिए कई स्थानों पर आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जिसमें 25 स्थानों पर 1.5 लाख रुपये, पांच गांवों में 5-5 लाख रुपये तथा अब जिला साहू समाज के भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में अकरजन के पूर्व सरपंच दुर्गेश साहू को उनके कार्यकाल के दौरान साहू समाज के लिए भूमि उपलब्ध कराने की पहल के लिए सम्मानित किया गया। बताया गया कि उन्होंने सरपंच रहते हुए समाज को 1.5 एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव रखा था, जिसके आधार पर शासन द्वारा 75 डिसमिल भूमि साहू समाज को प्रदान करने का निर्णय लिया गया। उनके इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें भक्त माता कर्मा का चित्र, प्रमाण पत्र तथा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
आयोजन के दौरान समाजजनों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था की गई। साथ ही समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें लोक धरोहर अहिवारा के लीला धर साहू और उनकी टीम ने मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने साहू समाज की संगठित शक्ति और सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर मजबूत रूप में प्रस्तुत किया।


