खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

संगीत विवि में 12 घंटे का अखंड घुंघरू नाद कार्यक्रम
19-Feb-2026 3:28 PM
 संगीत विवि में 12 घंटे का अखंड घुंघरू नाद कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 19 फरवरी। महाशिवरात्रि के अवसर पर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में द्वादश घंटा अखंड घुंघरू नाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।  कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के संरक्षण में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार संपन्न हुआ।

महाशिवरात्रि पर्व पर 15 फरवरी को प्रात: 7 बजे कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. देवमाईत मिंज ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात यह आयोजन सायं 7 बजे तक निरंतर चलता रहा। पूरे 12 घंटे तक कथक विभाग के विद्यार्थियों ने अखंड रूप से घुंघरू नाद के साथ कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह कार्यक्रम कथक विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवाली सिंह के मार्गदर्शन तथा शोधार्थी रवि प्रकाश के निर्देशन में आयोजित किया गया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक सशक्त एवं सार्थक मंच प्रदान करना था, जिसमें वे पूर्णत: सफल रहे। कार्यक्रम की सफलता में कथक विभाग की अतिथि व्याख्याता डॉ. गुंजन तिवारी एवं डॉ. मंजरी बख्शी का विशेष योगदान रहा।

समूचा आयोजन भक्ति, साधना और सांस्कृतिक गरिमा का उत्कृष्ट उदाहरण बना जिसने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक प्रभावपूर्ण बना दिया।


अन्य पोस्ट