खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर डीजे साउंड सिस्टम जब्त
21-Feb-2026 4:01 PM
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर डीजे साउंड सिस्टम जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 21 फरवरी। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में अधिक शोर करने वाले डीजे साउंड सिस्टम के विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

थाना छुईखदान क्षेत्र में 11 फरवरी को चन्द्रशेखर विदान खैरागढ़, के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 4 एवं 15 के तहत इस्तगासा क्रमांक 01/2026 दर्ज कर डीजे साउंड सिस्टम और डीआई वाहन जब्त किया गया।

इसी प्रकार 18 फरवरी को भोला जंघेल भुलाटोला, थाना छुईखदान, के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 02/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम और पिकअप वाहन जब्त किया गया।

थाना गंडई क्षेत्र में 18 फरवरी को विशाल नारबोदे टेमनी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश), के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 दर्ज कर डीजे साउंड सिस्टम और आईचर वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। परीक्षा अवधि में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट