खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 14 जनवरी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह इन दिनों खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगातार दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने छुईखदान एवं खैरागढ़ ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों का धुंआधार दौरा किया और ग्रामीणों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई।
दौरे के दौरान श्री सिंह छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भूर्भुसी, धोधा, चारभाठा, गर्रा, उदान, बुंदेली, सुराडबरी तथा सिताडबरी पहुंचे। प्रत्येक गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
श्री सिंह ने जस गायन एवं झांकी प्रतियोगिता आयोजित करने वाली समितियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों से गांव का वातावरण भक्तिमय बनता है और ग्रामीणों में आपसी एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जब पूरा गांव मिलकर आयोजन करता है, तो वह एक मिसाल बन जाता है।
दौरे के दौरान उन्होंने महिलाओं से सीधा संवाद कर महतारी वंदन योजना की जानकारी ली। महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि साय सरकार द्वारा हर माह उनके खाते में एक हजार रुपये की राशि प्राप्त हो रही है, जो उनके लिए बड़ी राहत है। महिलाओं ने इसके लिए केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
वहीं किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपये मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना किसानों के सम्मान और आर्थिक संबल का प्रतीक है। श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की भी जानकारी ली तथा गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर ग्रामीणों से चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, अनिल अग्रवाल, राकेश ठाकुर, राजेश मेहता, राजू जंघेल, अशोक पाल, दीना जंघेल, बलराम जंघेल, कमलेश जंघेल, लेखराम साहू, दिवाकर सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


